देहरादून। भाजपा के प्रदेश संगठन में मंडल और जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने इस चुनाव प्रक्रिया के सफल संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया और इसमें सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। अब पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया में आगे बढ़ रही है।
प्रदेश चुनाव अधिकारी ने जानकारी दी कि संगठन चुनाव के तहत 304 मंडलों में से 220 मंडलों के अध्यक्षों का निर्वाचन हो चुका है, जबकि शेष 84 मंडलों में भी जल्द ही घोषणा की जाएगी। इसके बाद जिला अध्यक्षों का चुनाव हुआ, जिसमें 19 में से 18 जिलों के अध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए गए हैं।
चुनाव प्रक्रिया के तहत पार्टी नेतृत्व की सहमति से जिला चुनाव अधिकारियों ने संबंधित जिलों में अध्यक्षों की घोषणा की। यह चयन सामाजिक, क्षेत्रीय और संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया गया। प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री के विचार-विमर्श के बाद केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से इन नामों को अंतिम रूप दिया गया।
भाजपा संगठन में चुनावी प्रक्रिया बूथ स्तर से शुरू हुई थी, जहां पहले बूथ इकाइयों का गठन किया गया और फिर मंडल अध्यक्षों का चयन हुआ। इस प्रक्रिया के तहत अब दो-तिहाई मंडलों में चुनाव संपन्न होने के बाद जिला अध्यक्षों का चुनाव किया गया है।
जिलाध्यक्ष के रूप में जिन नामों की घोषणा की गई है, उनमें उत्तरकाशी से नागेन्द्र सिंह चौहान, चमोली से गजपाल बर्त्याल, रुद्रप्रयाग से भारत भूषण भट्ट, टिहरी से उदय सिंह रावत, देहरादून ग्रामीण से मीता सिंह, देहरादून महानगर से सिद्धार्थ अग्रवाल, ऋषिकेश से राजेंद्र तडियाल, हरिद्वार से आशुतोष शर्मा, पौड़ी से कमल किशोर रावत, कोटद्वार से राजगौरव नौटियाल, पिथौरागढ़ से गिरीश जोशी, बागेश्वर से प्रभा गड़िया, अल्मोड़ा से महेश नयाल, चंपावत से गोविंद सामंत, नैनीताल से प्रताप सिंह बिष्ट, काशीपुर से मनोज पाल, रुड़की से मधु सिंह और ऊधमसिंह नगर से कमल कुमार जिंदल शामिल हैं।
भाजपा संगठन चुनाव की प्रक्रिया करीब चार महीनों से जारी थी, जो अब प्रदेश अध्यक्ष के चयन की ओर बढ़ रही है।