भू कानून से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप



देहरादून – भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने विपक्षी कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वह भू कानून की उपलब्धि से ध्यान हटाने के लिए विभाजनकारी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए गए ऐतिहासिक फैसले विपक्ष को स्वीकार नहीं हो रहे हैं और कांग्रेस अनावश्यक मुद्दों को तूल देकर समाज को पहाड़ और मैदान के बीच बांटने का प्रयास कर रही है।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान चौहान ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित सशक्त भू कानून को विधानसभा में पारित किया गया है। सरकार ने संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इसे बजट सत्र में पूरा किया, जिससे प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है।

उन्होंने कांग्रेस पर संसदीय कार्य मंत्री के कथन को तोड़-मरोड़कर विवाद पैदा करने का आरोप लगाया। चौहान का कहना है कि मंत्री ने इस पर खेद भी जताया है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को तूल देकर राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है।

भाजपा नेता ने कहा कि भू कानून प्रदेश की भूमि और संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, लेकिन कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सदन के अंदर और बाहर अनावश्यक विवाद खड़ा कर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

चौहान ने सवाल किया कि यदि कांग्रेस को पहाड़ और उत्तराखंड की इतनी ही चिंता है, तो सशक्त भू कानून के पारित होने पर उसने खुशी क्यों नहीं जताई? उन्होंने यह भी पूछा कि जब बाहरी आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है या सुरक्षा के लिए बोर्ड लगाए जाते हैं, तो कांग्रेस इसका विरोध क्यों करती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की इस विभाजनकारी राजनीति को भूलेगी नहीं और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी।


Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post