चारधाम यात्रा प्रबंधन पर जताया संतोष, पर्यटन को स्वर्णिम युग की ओर बढ़ता बताया

देहरादून: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने चारधाम यात्रा की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखंड में पर्यटन व्यवसाय के स्वर्णिम युग की शुरुआत करार दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या लाखों से करोड़ों की ओर बढ़ रही है और धामी सरकार यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

भट्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा के निकट आते ही सरकार की तैयारियां भरोसा जगाने वाली हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं यात्रा प्रबंधन की निगरानी और समीक्षा कर रहे हैं, जिससे एक सुरक्षित और सफल यात्रा की उम्मीद बनती है। सड़कों, मोबाइल नेटवर्क, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और भोजन जैसी व्यवस्थाओं पर कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी श्रद्धालु निश्चिंत होकर देवभूमि आएं, क्योंकि उनकी यात्रा को सरल, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि वर्ष 2022 में लगभग 46 लाख, 2023 में 56 लाख तीर्थयात्रियों ने उत्तराखंड का रुख किया था। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की बढ़ती रुचि और सरकार की तैयारियों को देखते हुए रिकॉर्ड तोड़ यात्री संख्या की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में राज्य तेजी से स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है, जो प्रदेश की आर्थिक रीढ़ को और मजबूत करेगा।

भट्ट ने आम जनता और सभी राजनीतिक दलों से भी यात्रा प्रबंधन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए और भ्रम या भय फैलाने से बचना चाहिए, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।


Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post