उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय कार्यालय में 'संस्कृति बचाओ पदयात्रा' के संयोजक राजेंद्र सिंह बिष्ट और उनके सहयोगियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत दल के संस्थापक स्वर्गीय विपिन चंद्र त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक शक्तिशैल ने की। उन्होंने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दल की आगे की दिशा तय करने में युवा शक्ति का विशेष योगदान रहेगा। केंद्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने पदयात्रा को जन-जागरण का माध्यम बताया और कहा कि यात्रा के दौरान जनता को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और मूल निवासियों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवान ने कहा कि यात्रा के दौरान पहाड़ी समाज की बढ़ती जागरूकता सामने आई है और स्थानीय लोग क्षेत्रीय दलों को सत्ता में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य निर्माण से जुड़े मूल उद्देश्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
पदयात्रा संयोजक राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि भविष्य में मूल निवास और रोजगार के मुद्दों पर एक बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है, जिसकी जल्द ही घोषणा होगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल को जनता का समर्थन मिला, जिससे यह स्पष्ट होता है कि लोग राज्य के विकास और मूल अधिकारों को लेकर सजग हैं।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय मीडिया प्रभारी अनिल थपलियाल ने किया।