धामी सरकार के तीन साल: प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 2027 चुनाव में हैट्रिक की दी गारंटी

उत्तराखंड: भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की सरकार के तीन सालों को ऐतिहासिक बताते हुए 2027 के विधानसभा चुनावों में हैट्रिक की संभावना जताई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने जनता से किए हर वायदे को पूरा किया है और इस वजह से प्रदेश में उत्साह का माहौल है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के ऐतिहासिक फैसलों ने राज्य विरोधी साजिशों पर पूर्ण विराम लगा दिया है, जिससे राज्य की जल, जंगल, जमीन, सांस्कृतिक पहचान और डेमोग्राफी पर हुए हमलों का मुकाबला किया गया।

भट्ट ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का निराश होना स्वाभाविक है क्योंकि, विपक्ष अपने तमाम प्रयासों के बावजूद भाजपा को जनता की नज़र से गिरा नहीं सका। उन्होंने राज्य की प्रगति और विकास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि धामी सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के विकास को नए आयाम दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध धार्मिक स्थलों पर कार्यवाही, सख्त धर्मांतरण और दंगारोधी कानून लागू करने के साथ ही भू कानून को सख्ती से लागू किया गया है। भट्ट ने उत्तराखंड में महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों का भी जिक्र किया और बताया कि सरकार ने 30% नौकरियों और 33% सहकारी समितियों में आरक्षण प्रदान किया है।

उन्होंने भाजपा की उपलब्धियों को विस्तार से बताते हुए कहा कि आज राज्य में सड़कों का जाल बिछ चुका है, रेल नेटवर्क अंतिम चरण में है, और हवाई कनेक्टिविटी से सभी प्रमुख शहर जुड़ चुके हैं। इसके अलावा, प्रदेश में 3.75 लाख करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है, और आयुष्मान योजना के तहत आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।

भट्ट ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भी राज्य निर्माण के पक्ष में नहीं थी और जब उन्हें मौका मिला तो भ्रष्टाचार और भूमाफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार की उपलब्धियों से कांग्रेस के नेता हताश हैं, और कांग्रेस पार्टी अब जनता का विश्वास खो चुकी है।

अंत में भट्ट ने यह भी कहा कि धामी सरकार की उपलब्धियां आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत की गारंटी साबित होंगी।


Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post