भा.ज.पा. का 'गांव बस्ती चलो अभियान' : स्वच्छता, जागरुकता और विकास की दिशा में प्रयास


देहरादून: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता इन दिनों 'गांव बस्ती चलो अभियान' के तहत घर-घर पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए सरकारी और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, जनजागरुकता और यात्रा कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य राज्य की सभी पंचायतों के अंत्योदय परिवारों को विकास कार्यों में सक्रिय भागीदार बनाना है।

प्रदेश उपाध्यक्ष और अभियान के प्रदेश संयोजक कुलदीप कुमार ने बताया कि इस अभियान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर राज्यभर में मण्डल से लेकर राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, सरपंच से लेकर केंद्रीय मंत्री तक शामिल हो रहे हैं। अभियान के तहत पार्टी के सभी प्रतिनिधि प्रत्येक गांव, बस्ती और बूथ में न्यूनतम 8 से 10 घंटे प्रवास कर रहे हैं।


10 अप्रैल से शुरू हुए इस 3 दिवसीय अभियान के दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने डोईवाला में कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय माधोवाला, बूथ संख्या 150 और आंगनबाड़ी केंद्र सत्तीवाला का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। इस अवसर पर उनके साथ जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, नगर पालिका अध्यक्ष डोईवाला नरेंद्र सिंह नेगी और अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि एक राजनैतिक पार्टी होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हम समाज को सरकार की विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के निरंतर विकास की दिशा में हो रहे प्रयासों को सराहा।

कुलदीप कुमार ने बताया कि अभियान में कई कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। इनमें स्वच्छता अभियान, सरकारी संस्थानों का दौरा, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क और अंतिम कार्यक्रम के रूप में बूथ समिति बैठक और गांवों में यात्रा निकालने जैसे कार्य शामिल हैं।

यह अभियान पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय और प्रेरित करने के साथ-साथ ग्रामीणों और निवासियों के साथ संवाद स्थापित करने का एक प्रयास है।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post