देहरादून: भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के तीन साल के कार्यकाल को समावेशी विकास, न्याय और राज्य हित में कई बड़े फैसलों का सफर बताया। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने राज्य को देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
चौहान ने यह भी कहा कि सीएम धामी ने विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए विपक्षी विधायकों से भी क्षेत्र के कार्यों की सूची मांगी, जिससे विकास कार्यों को निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने यह स्वीकार किया कि समय-समय पर विपक्ष ने भी सीएम धामी की इस पहल की सराहना की।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सीएम धामी की जीरो टॉलरेंस नीति की सराहना करते हुए चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना समय के देखे कड़े फैसले लिए और विभिन्न घोटालों, जैसे भर्ती घोटाले और विस में नियुक्ति के मामलों पर जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से काम करने की अनुमति दी। इसके परिणामस्वरूप कड़ा नकल विरोधी कानून अस्तित्व में आया और दोषी व्यक्तियों को सजा दी गई। लैंड फ्रॉड जैसे मामलों में भी सख्त कदम उठाए गए, जिससे पीड़ितों को न्याय मिला।
चौहान ने राज्य में सांस्कृतिक संरक्षण और डेमोग्राफी परिवर्तन के खिलाफ कड़े भू कानून की स्थापना को भी सराहा, जो राज्यवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग थी। महिलाओं के अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने यूसीसी को कानूनी जामा पहनाया है, जिससे महिलाओं को समान अधिकार मिलेगा। इसके साथ ही महिलाओं को क्षेतिज आरक्षण देने के लिए कई योजनाएं लागू की गईं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
चौहान ने कहा कि धामी सरकार ने युवाओं को रोजगार देने में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और मुख्यमंत्री धामी का नेतृत्व राज्य को प्रगति के मार्ग पर अग्रसर कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में धामी राज्य को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्यरत हैं। राज्य में बढ़ती कनेक्टिविटी से पर्यटन क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो रहा है, और राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है, जो सभी के लिए खुशी की बात है।