देहरादून, 3 फरवरी: पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर उत्तराखंड में भाजपा द्वारा विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के नेतृत्व में 11 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में यह आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश समन्वय समिति में केदार जोशी, डॉ. बालेश्वर पाल, डॉ. देवेंद्र भसीन, शिव सिंह बिष्ट, मधु भट्ट, ऋषि राज डबराल, देवेंद्र दैला, विवेक सक्सेना, विनोद शर्मा और विमल कुमार शामिल हैं। जिला और मंडल स्तर पर भी इस तरह की समितियां गठित की जाएंगी ताकि श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
अटल जी की स्मृति में कई चरणों में होंगे आयोजन
इससे पहले 25 दिसंबर को अटल जी की जयंती 'सुशासन दिवस' के रूप में मनाई गई थी, जिसमें बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक व्यापक कार्यक्रम हुए थे। अब, जन्म शताब्दी वर्ष के तहत 14 फरवरी तक 'अटल स्मृति संकलन एवं संपर्क अभियान' चलाया जाएगा। इस दौरान सुशासन दिवस के तहत गठित समितियों में पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़कर नई समितियां बनाई जाएंगी और अटल जी से जुड़े संस्मरण, फोटो, भाषण, प्रेरक अनुभव संकलित किए जाएंगे।
इसके बाद 15 फरवरी से 15 मार्च तक 'अटल विरासत सम्मेलन' का आयोजन जिला स्तर पर किया जाएगा, जिसमें प्रबुद्धजन, वरिष्ठ कार्यकर्ता और अटल जी के करीबी सहयोगी शामिल होंगे। इस दौरान अटल जी के विचारों, योजनाओं और प्रधानमंत्री कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों को डिजिटल रूप में संकलित कर प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा, उनके जीवन पर लिखी गई पुस्तकों और लेखों का संग्रह तैयार कर लेखकों को सम्मानित किया जाएगा।
"अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की पहल"
प्रदेश भाजपा ने स्पष्ट किया है कि अटल जी की विरासत और उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं सिद्धांतों पर चलते हुए 'विकसित भारत' की ओर बढ़ रहे हैं, और इस आयोजन के जरिए भाजपा कार्यकर्ता अटल जी के सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होंगे।