दिल्ली में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद, भाजपा ने प्रवासी उत्तराखंडियों के समर्थन से बड़ी जीत का दावा किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के हालिया फैसलों और विकास कार्यों ने प्रवासियों के बीच भाजपा की स्वीकार्यता को मजबूत किया है।
मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने बताया कि दिल्ली में रहने वाले उत्तराखंडी मूल के लोगों ने हमेशा विकास और राष्ट्रवाद को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में राज्य में लिए गए अहम फैसलों ने प्रवासियों के बीच पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ाया है।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा लागू किए गए यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, अवैध धार्मिक कब्जों पर कार्रवाई, लव जिहाद के खिलाफ सख्त रुख और नकल विरोधी कानून जैसे मुद्दों का जिक्र किया। उनका कहना है कि इन निर्णयों से राज्य में सुरक्षा और विकास को बल मिला है, जिससे दिल्ली में बसे उत्तराखंडियों में भाजपा के प्रति समर्थन बढ़ा है।
चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री धामी समेत उत्तराखंड भाजपा के कई नेताओं ने दिल्ली में प्रवासी क्षेत्रों में सभाओं और रैलियों को संबोधित किया। भाजपा का दावा है कि इन प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिला है और मतदान के दिन प्रवासी उत्तराखंडियों का झुकाव भाजपा की ओर साफ नजर आया। पार्टी का मानना है कि उत्तराखंडी बहुल सीटों पर भाजपा को बड़ी सफलता मिलेगी।
अब चुनावी नतीजों का इंतजार है, लेकिन भाजपा को भरोसा है कि 8 फरवरी को जब मतगणना होगी, तो जनता का जनादेश उनके पक्ष में आएगा।