भाजपा का वक्फ सुधार जनजागरण अभियान, राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन


भा.ज.पा. ने राज्यभर में वक्फ सुधार जनजागरण अभियान की शुरुआत की है, जिसमें मुस्लिम समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के तहत वक्फ सुधार संवाद, महिला सम्मेलन, ईसाई सद्भाव बैठक, आदिवासी विश्वास सम्पर्क सहित अन्य जिला और मंडल स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के संचालन के लिए प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। समिति में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष इंतजार हुसैन और प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत को भी जिम्मेदारी दी गई है।

अभियान के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में वक्फ सुधार संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रभावशाली मुस्लिम हस्तियों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। इस संवाद का उद्देश्य वक्फ सुधार कानून के लाभों पर चर्चा करना और मुस्लिम समाज में जागरूकता फैलाना है। इस कार्यक्रम में प्रदेश नेतृत्व, प्रमुख मुस्लिम भाजपा और एनडीए नेता, और समाज के विभिन्न क्षेत्र से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे।

इसके अतिरिक्त, जिला स्तरीय कार्यक्रमों में प्रमुख नागरिक संवाद के माध्यम से मुस्लिम समाज में फैले भ्रम और शंकाओं का समाधान किया जाएगा। सांसद और विधायक अपनी-अपनी क्षेत्रीय बैठकों का आयोजन करेंगे, जिसमें वक्फ सुधार कानून के सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा होगी।

महिला मोर्चा द्वारा महिला सम्मेलन और संपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुस्लिम महिलाओं को वक्फ सुधार से मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी। वहीं आदिवासी विश्वास संपर्क के तहत कार्यकर्ता जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में अभियान चलाएंगे, ताकि आदिवासी भूमि के अतिक्रमण को रोका जा सके और वक्फ सुधार के लाभों के बारे में बताया जा सके।

अंतिम चरण में, "नव चेतना पहल" के तहत टोली सदस्य घर-घर पहुंचकर वक्फ सुधार की जानकारी देंगे और भ्रष्ट वक्फ प्रथाओं के बारे में तुलनात्मक व्याख्या करेंगे। युवा मोर्चा भी जन संवाद अभियान आयोजित करेगा, जिसमें लोग सीधे संवाद के माध्यम से जुड़ेगें।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वक्फ सुधार से जुड़े कानून के बारे में लोगों को जागरूक करना और समाज में सकारात्मक संवाद स्थापित करना है।


Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post