केन-बेतवा लिंक परियोजना पर विवाद: भाजपा ने कांग्रेस नेता की टिप्पणी को बताया बुंदेलखंड का अपमान

भोपाल, 26 दिसंबर 2024:

केन-बेतवा लिंक परियोजना पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश की टिप्पणी ने राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने इस टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे विकास विरोधी और बुंदेलखंड की जनता का अपमान बताया है।



मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, "जयराम रमेश की टिप्पणी कांग्रेस की विकास-विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। यह केवल उनकी व्यक्तिगत राय नहीं है, बल्कि इसके पीछे कांग्रेस और गांधी परिवार की सोच छिपी है। जहां भी गरीबों और समाज के उत्थान के लिए विकास कार्य किए जाते हैं, कांग्रेस को उससे परेशानी होती है। अब कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह बुंदेलखंड के विकास के साथ है या इसके विरोध में।"

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने इस परियोजना को बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, "केन-बेतवा लिंक परियोजना इस क्षेत्र को सूखा और गरीबी से बाहर निकालकर हरित और समृद्धशाली बनाएगी। यह योजना बुंदेलखंड के लाखों लोगों के जीवन स्तर को सुधारने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस परियोजना की आधारशिला रखे जाने पर क्षेत्र की जनता ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उत्साह दिखाया।"

उन्होंने कांग्रेस नेता की टिप्पणी को बुंदेलखंड की जनता के खिलाफ बताया। शर्मा ने कहा, "जयराम रमेश का यह बयान यह साबित करता है कि कांग्रेस गरीबों के जीवन में सुधार नहीं चाहती। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह इस परियोजना के खिलाफ है या नहीं।"

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या पार्टी बुंदेलखंड के विकास के पक्ष में है या इसके विरोध में? भाजपा ने बुंदेलखंड के कांग्रेस नेताओं से भी अपील की है कि वे इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें और यदि वे विकास के पक्षधर हैं तो इस टिप्पणी का विरोध करें।

केन-बेतवा लिंक परियोजना, जिसे सूखा प्रभावित बुंदेलखंड के लिए गेम-चेंजर माना जा रहा है, अब राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे पर बयानबाजी ने जनता के बीच चर्चा तेज कर दी है।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post