मंडला/सिवनी। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंडला और सिवनी जिलों में आयोजित बैठकों में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से समाज के हर वर्ग के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को "राष्ट्र प्रथम" के भाव के साथ कार्य करते हुए समाज और पर्यावरण में सामंजस्य बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए पेड़ लगाने और जल संचयन जैसे प्रयासों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मंडला में हुई बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश सरकार में मंत्री संपतिया उइके, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, मंडला जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा तथा डिंडौरी जिला अध्यक्ष चमरू नेताम सहित दोनों जिलों के जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
अजय जामवाल ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम के समय विदेशी शासन ने भारतीय संस्कृति और पहचान को कमजोर करने के प्रयास किए थे, और अब सभी कार्यकर्ताओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए समाज को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने की भी अपील की।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के "एकात्म मानववाद" के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए कार्य कर रही है। साथ ही, उन्होंने सामाजिक परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, शिक्षा, नशा मुक्ति और समरसता के क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया।
सिवनी में आयोजित बैठक में सांसद भारती पारधी, जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, विधायक दिनेश राय मुनमुन, कमल मर्सकोले, पूर्व सांसद ढाल सिंह बिसेन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, राकेश पाल, डाल सिंह मर्सकोले, पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक दुबे, वेद सिंह ठाकुर, प्रेम तिवारी और कीरत सिंह बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।