दिल्ली चुनावों में भाजपा की जीत पर भोपाल में जश्न, पार्टी कार्यालय में विजय उत्सव



दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली बड़ी जीत के बाद भोपाल में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने पार्टी कार्यालय में विजय उत्सव मनाते हुए महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया और आतिशबाजी के जरिए अपनी खुशी का इजहार किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इस जीत से पूरे देश के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है, और मध्यप्रदेश सहित देशभर में पार्टी कार्यकर्ता इस सफलता का जश्न मना रहे हैं।

जनता ने विकास को चुना

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि दिल्ली चुनाव में जनता ने विकास और जनकल्याण की नीतियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और यही कारण है कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है।

रणनीति और परिश्रम का नतीजा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस जीत का श्रेय पार्टी की मजबूत चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति के तहत बूथ स्तर पर माइक्रो प्लानिंग की गई, जिसके परिणामस्वरूप यह जीत संभव हो सकी।

सभी वर्गों का समर्थन

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि दिल्ली चुनाव में हर वर्ग ने भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' की नीति को जनता ने स्वीकार किया है और सभी समुदायों के लोगों ने पार्टी को समर्थन दिया है।

इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सुमित्रा वाल्मीक, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post