दिल्ली चुनावों में भाजपा की बंपर जीत, पार्टी मुख्यालय में जश्न



दिल्ली चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली बड़ी जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में जश्न मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ विजय समारोह में भाग लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी विकास योजनाओं की जीत बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब डबल इंजन सरकार के तहत तेज़ी से विकास कार्य होंगे और भाजपा अपने संकल्प पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत पर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 27 साल बाद दिल्ली में गैर-भाजपा सरकार की विदाई हुई है और जनता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में विभिन्न घोटाले हुए और जनता को सही विकास से वंचित रखा गया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस जीत को ऐतिहासिक बताया और कहा कि दिल्ली में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों ने भी भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार आने के बाद राजधानी क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचेगा।

इस विजय समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, और अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post