भोपाल, 30 नवंबर 2024
भोपालवासियों के लिए हवाई यात्रा में एक और बड़ा तोहफा मिला है। भोपाल लोकसभा सांसद आलोक शर्मा ने राजधानी से गोवा के लिए सीधी उड़ान सेवा का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सांसद ने छोटे बच्चों के साथ केक कटवाकर और यात्रियों को बोर्डिंग पास देकर पहली उड़ान को रवाना किया। सप्ताह में छह दिन चलने वाली यह फ्लाइट, दोपहर 3:20 पर उड़ान भरेगी, जिससे न केवल भोपाल बल्कि प्रदेशभर के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि यह सेवा प्रदेशवासियों के लंबे समय से चले आ रहे हवाई यात्रा के विस्तार के सपने को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू का आभार व्यक्त किया। शर्मा ने बताया कि हाल ही में शुरू हुई भोपाल-पुणे फ्लाइट के बाद, गोवा के लिए यह सीधी कनेक्टिविटी एक और मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही भोपाल से कोलकाता, लखनऊ, चंडीगढ़, और बेंगलुरु के लिए विमान सेवाएं शुरू होंगी, जिनके लिए एयरलाइंस कंपनियों से चर्चा जारी है।
राजाभोज एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य प्रगति पर
सांसद ने राजाभोज विमानतल के आधुनिकरण पर भी बात की, जिसमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के लिए कस्टम ड्यूटी और इमिग्रेशन चेक की आवश्यक मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट अब 24 घंटे परिचालित है, और इसके विस्तार से भोपाल जल्द ही एक बड़े हवाईअड्डे के रूप में विकसित होगा।
शुभारंभ समारोह में खुशी का माहौल
गोवा फ्लाइट की शुरुआत का जश्न राजा भोज एयरपोर्ट पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी, इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारी, एयरपोर्ट स्टाफ, और गणमान्य नागरिक इस अवसर पर मौजूद रहे। छोटे बच्चों ने केक काटकर और यात्रियों को विदाई देकर इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बना दिया।
भोपाल से गोवा की यह सीधी उड़ान राजधानी के हवाई संपर्क को और मजबूत करेगी, साथ ही पर्यटन और व्यापार के नए अवसर खोलेगी।
This article is based on a press release issued by the Bhartiya Janta Party. While GNN has adapted the content for journalistic clarity and neutrality, the information and views presented originate from the press release. For More info, CLICK HERE.
.jpeg)


.jpeg)