देहरादून, 23 नवंबर:
केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत ने विकास और सनातन संस्कृति को प्राथमिकता देने वाली राजनीति पर जनता का आशीर्वाद साबित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे पवित्र धामों के विकास को बाधित करने और उनकी छवि को खराब करने वालों के खिलाफ सशक्त जवाब करार दिया।
भट्ट ने केदारनाथ की जागरूक जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा, "केदारघाटी के प्रबुद्ध समाज ने हमारे विकास कार्यों और सनातन संस्कृति को सहेजने के प्रयासों पर विश्वास जताया है। यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि बाबा केदार की भूमि पर हो रहे अभूतपूर्व बदलावों की भी जीत है। जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे ऐतिहासिक कार्यों को समर्थन देते हुए एक बार फिर हमें अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया है।"
साहसिक निर्णयों का मिला समर्थन
प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि ये नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी की दूरदर्शी नीतियों पर जनता का विश्वास हैं। उन्होंने कहा, "हम राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि उत्तराखंड का विकास कर रहे हैं। यह जीत हमारी परंपराओं, विरासत, और सनातन संस्कृति को संरक्षित रखने की दिशा में जनता का समर्थन है।"
उन्होंने कहा कि केदारघाटी के निवासियों ने बाबा केदार की छवि खराब करने और पवित्र धामों के विकास को बाधित करने वालों को करारा जवाब दिया है। यह नतीजे उस सोच को खारिज करते हैं जो देवभूमि की डेमोग्राफी बदलने और सनातन विरोधी विचारों का समर्थन करती है।
भविष्य की दिशा तय करने वाला जनादेश
महेंद्र भट्ट ने उपचुनाव की इस जीत को भविष्य की प्रचंड जीत की शुरुआत बताते हुए कहा, "यह जनता का आशीर्वाद है, जो निकाय, पंचायत, और 2027 के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को नए आयाम देगा।" उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री धामी, और भाजपा संगठन की नीतियों पर जनता का अटूट विश्वास बताया।
भट्ट ने कहा कि जनता ने विकास के प्रति प्रतिबद्ध राजनीति और अपने धार्मिक व सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने वाले नेतृत्व को चुना है। यह जीत बाबा केदार के आशीर्वाद और देवभूमि के नागरिकों की एकजुटता का प्रतीक है।
